साहिबगंज सड़क हादसा: फरक्का से लौट रहे एक ही परिवार के 3 लोगों की ट्रेलर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत
साहिबगंज।साहिबगंज जिले के बरहरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहरवा-पश्चिम बंगाल फरक्का एनएच-80 पर सोमवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है।बरारी के समीप एक तेज रफ्तार 18 चक्का खाली ट्रेलर (रजिस्ट्रेशन नंबर: JH-16A-0025) ने आगे जा रही एक बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में बाइक पर सवार मां, बेटे और बेटी सहित एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।वहीं, बाइक पर बैठी एक 4 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बरहरवा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर साहेबडागा निवासी बदरुल शेख (पेशे से किसान) का परिवार पश्चिम बंगाल के फरक्का से अपने घर लौट रहा था।बाइक को उनका 22 वर्षीय पुत्र लालू शेख चला रहा था। इसी दौरान फरक्का की ओर से बरहरवा की तरफ आ रहे 18 चक्का खाली ट्रेलर ने बरारी के पास बाइक को ओवरटेक करने की कोशिश की और पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
दुर्घटना के शिकार हुए मृतक और घायल के नाम:
आईसा खातून (37 वर्ष)
लालू शेख (22 वर्ष)
रौली खातून (15 वर्ष)
4 वर्षीय बच्ची – गंभीर रूप से घायल (बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल रेफर)
दिल दहला देने वाले इस हादसे की खबर मिलते ही आसपास के गांवों से सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए. घटना की सूचना मिलते ही बरहरवा थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची.पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई और छानबीन में जुट गई है.एक ही परिवार के तीन सदस्यों की अचानक मौत से साहेबडागा मिर्जापुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।आज शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जायेगा।।

