राँची पुलिस ने 10 लाख के इनामी PLFI सुप्रीमो कमांडर अमृत होरो को लापुंग से दबोचा !
राँची।आतंक और रंगदारी का पर्याय बन चुके प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI (पीपल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) को राँची पुलिस ने एक बड़ा झटका दिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए संगठन के मौजूदा सुप्रीमो कमांडर अमृत होरो उर्फ मेचो को लापुंग इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। अमृत होरो पर सरकार की ओर से 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था।वर्तमान में PLFI का सर्वेसर्वा बना अमृत होरो लंबे समय से राँची और खूंटी के इलाकों में सक्रिय था। विकास कार्यों को रोकना, निर्माण स्थलों पर लेवी (रंगदारी) वसूलना और बात न मानने पर रेलवे प्रोजेक्ट्स में आगजनी करना उसकी पहचान बन चुकी थी। इलाके के ठेकेदार और व्यवसायी इसके नाम से खौफ खाते थे।
डेढ़ साल पहले पुलिस को दी थी चकमा
अमृत होरो कितना शातिर है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि करीब डेढ़ साल पहले पुलिस के साथ हुई एक मुठभेड़ के दौरान वह गोलियों की बौछार के बीच से भाग निकलने में कामयाब रहा था। तब से पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी।
गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
राँची के एसएसपी को पुख्ता जानकारी मिली थी कि इनामी सुप्रीमो लापुंग इलाके में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक स्पेशल टीम का गठन किया गया। टीम ने देर रात योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की और इस खूंखार उग्रवादी को धर दबोचा।फिलहाल, पुलिस अमृत होरो को किसी गुप्त स्थान पर रखकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि उसकी निशानदेही पर संगठन के अन्य सदस्यों और भारी मात्रा में हथियारों की बरामदगी हो सकती है।

