धनबाद:नाबालिग से दुष्कर्म कर फरार हुआ आरोपी नवादा से दबोचा गया…

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद पुलिस को नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले में घटना के बाद से ही फरार चल रहे मुख्य आरोपी लवकुश कुमार यादव को पुलिस ने बिहार के नवादा जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज था।

​मामले की जानकारी देते हुए धनबाद डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रकाश सोय ने बताया कि 4 मई 2026 की शाम को धनसार थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किए जाने की सूचना मिली थी। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत ऐक्शन लिया और धनसार थाना में कांड संख्या 75/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की, लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा देकर अपने घर से फरार हो गया था। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष एसआईटी (SIT) टीम का गठन किया गया।

​एसआईटी ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपी का लगातार पीछा किया। आखिरकार टीम ने आरोपी की लोकेशन ट्रैक की और बिहार के नवादा जिला अंतर्गत रजौली थाना क्षेत्र के लेंगुरा तुलसीबीघा गांव में दबिश देकर उसे धर-दबोचा।

​गिरफ्तारी के बाद आरोपी लवकुश कुमार यादव (पिता- सहदेव यादव) को धनसार थाना लाया गया, जहाँ कड़ी पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से नवादा (बिहार) का रहने वाला है, लेकिन वह धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र की न्यू दिल्ली कॉलोनी में रह रहा था।

​इस सफल टीम कार्रवाई में धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली सहित कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया और कोर्ट में पेशी की तैयारी में जुटी है।

error: Content is protected !!