चाईबासा:पुलिस ने होटल में छापेमारी कर 6 नाबालिग सहित 36 मजदूरों का किया रेस्क्यू,गुजरात के दो मानव तस्कर गिरफ्तार,बस जब्त..
चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने मानव तस्करी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शहर के होटल केटू में छापेमारी कर 30 महिला-पुरुष मजदूरों समेत 6 नाबालिग बच्चों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया। सभी को कथित रूप से बंधुआ मजदूर बनाकर गुजरात ले जाने की तैयारी चल रही थी।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मजदूरों को ले जाने के लिए खड़ी राजलक्ष्मी ट्रेवल्स की बस (ओआर 11एच 0797) को भी जब्त कर लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात पोड़ाहाट अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि चक्रधरपुर स्थित होटल केटू में कुछ मानव तस्कर नाबालिग बच्चों और मजदूरों को बंधक बनाकर रखे हुए हैं तथा उन्हें अवैध रूप से गुजरात भेजने की तैयारी कर रहे हैं।सूचना मिलते ही जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) एवं श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी साजेस महतो ने कर्रा सोसाइटी फॉर रूल एक्शन,राँची और चाइल्डलाइन को सूचित किया।इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
गठित स्पेशल टीम ने चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार, पुलिस बल एवं श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ होटल केटू में घेराबंदी कर छापेमारी की।कार्रवाई के दौरान 30 वयस्क मजदूरों और 6 नाबालिग बच्चों, जिनमें 5 लड़के और 1 लड़की शामिल हैं को सुरक्षित मुक्त कराया गया।रेस्क्यू किए गए सभी नाबालिग बच्चों को बाल कल्याण समिति चाईबासा के निर्देश पर सुरक्षित संरक्षण एवं काउंसलिंग के लिए चाइल्डलाइन चाईबासा को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने मौके से गुजरात के मोरवी क्षेत्र के रहने वाले दो कथित मानव तस्करों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपियों पहचान निकुंज गोविन्द बोरसानिया (32 वर्ष),
कादिवार निलेश भाई जेयेन्द्र भाई (34 वर्ष) है।दोनों आरोपियों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इस संबंध में चक्रधरपुर थाना कांड संख्या 61/2026 दर्ज किया गया है. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 143(1), 143(4), 143(5), 3(5), किशोर न्याय अधिनियम 2015 की धारा 79 तथा बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम 1986 की धारा 14(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।छापेमारी टीम में शामिल रहे अधिकारी पूरे अभियान में सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार, परमेश्वर उरांव, राज किशोर तिवारी, बिरबल चौबे समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।साथ ही मानव तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

