नदी में नहाने के दौरान दो किशोर डूबे,एक की मौत, दूसरे की तलाश जारी
रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले में गढ़बांध स्थित दामोदर नदी में रविवार सुबह नहाने के दौरान दो नाबालिगों के डूब जाने से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।इस हादसे में एक नाबालिग की मौत हो गई, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, 14 से 15 वर्ष की उम्र के तीन लड़के रविवार सुबह अपने घरों से फुटबॉल खेलने की बात कहकर निकले थे।इनमें दो लड़का किसान नगर और एक बंगाली टोला का रहने वाला था।तीनों लड़के गढ़बांध स्थित दामोदर नदी पहुंचे और नहाने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बंगाली टोला निवासी आयुष कुमार तिवारी किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा और घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। किसान नगर निवासी प्रिंस सोनकर को पानी से बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं वैभव नामक किशोर का समाचार लिखे जाने तक कोई पता नहीं चल सका है। पतरातू से पहुंचे गोताखोर उसकी तलाश में देर शाम तक जुटे हुए थे।
जानकारी के अनुसार, गढ़बांध क्षेत्र में दामोदर नदी के इस हिस्से में जलापूर्ति के लिए बांध बनाए जाने के कारण पानी काफी गहरा है।घटनास्थल से लड़कों के कपड़े भी बरामद किए गए हैं।इस दर्दनाक घटना के बाद रामगढ़ शहर सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग प्रशासन से इस क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं।

