गढ़वा:आंधी-तूफान, बारिश और वज्रपात ने बरपाया कहर:दीवार गिरने से मलबे के नीचे दबा 12 वर्षीय मासूम की मौत..
गढ़वा।झारखण्ड के गढ़वा जिले के विशुनपुरा प्रखंड के सारो गांव में शुक्रवार दोपहर कुदरत ने ऐसा कहर बरपाया कि हंसता-खेलता एक परिवार पूरी तरह उजड़ गया। तेज चक्रवाती तूफान, मूसलाधार बारिश और भीषण वज्रपात ने इलाके में भारी तबाही मचाई है। इस आपदा की चपेट में आने से ग्राम सारो (मुड़ाहरा टोला) निवासी जयराम वियार के 12 वर्षीय पुत्र आदित्य वियार की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, आदित्य दोपहर में स्कूल से पढ़ाई कर घर लौटा था और मिट्टी के घर में सो रहा था।इसी बीच अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज गर्जना के साथ आसमानी बिजली (वज्रपात) गिरी। इसकी धमक और तूफान के वेग से जयराम वियार का मिट्टी का कच्चा घर भरभराकर गिर पड़ा। आदित्य मलबे के नीचे दब गया।ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
तूफान का असर इतना भयावह था कि गांव के आधा दर्जन से अधिक विशाल महुआ और आम के पेड़ जड़ से उखड़ गए। कई घरों के खपड़े और सीट हवा में उड़ गए।जयराम वियार का इकलौता आशियाना नष्ट हो गया है।घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन और सारा सामान मलबे में तब्दील हो गया।मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा है।
अंचल पदाधिकारी खगेश कुमार ने बताया कि प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ है।तत्काल राहत के रूप में खाद्य सामग्री दी गई है। सरकारी नियमानुसार 4 लाख रुपये का मुआवजा और अंबेडकर आवास योजना के तहत पक्का घर दिलाने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही विशुनपुरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया। अंचल अधिकारी खगेश कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया और सहायता का आश्वासन दिया।
विधायक अनंत प्रताप देव के निर्देश पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, मुखिया प्रतिनिधि अशोक पासवान और उमा शंकर बैठा ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग प्रदान किया। मौके पर समाजसेवी रामनाथ पाल, उपप्रमुख प्रतिनिधि अजय पाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

