बुजुर्ग पर 4 साल की बच्ची के साथ गलत हरकत करने का आरोप, पोक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार,गुस्साए लोगों ने किया सड़क जाम…

 

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के मिश्रा कॉलोनी में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आयी है।यहां 65 वर्षीय बुजुर्ग विद्या साव ने साढ़े चार साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी विद्या साव ने गत 30 अप्रैल को बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाकर दुष्कर्म किया था।घटना के बाद से बच्ची को आंतरिक शारीरिक पीड़ा भी हो रही है।हद तो तब हो गई, जब आरोपी गुरुवार को फिर चॉकलेट का लालच देकर बच्ची को घर ले जाने का प्रयास करने लगा।डरी-सहमी बच्ची भागकर मां के पास पहुंची और पूरी बात बताई।मां ने तत्काल मोहल्ले के लोगों को घटना की जानकारी दी।इससे आक्रोशित लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।

इधर, घटना से गुस्साए लोगों ने सिनेमा मोड़ के पास एनएच-139 को कुछ देर के लिए जाम कर दिया। बाद में थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार और अन्य गणमान्य लोगों के समझाने पर जाम हटाया गया और आवागमन बहाल हुआ। मामले की छानबीन करने पहुंचे छतरपुर एसडीपीओ अवध कुमार यादव ने बताया कि पीड़िता की मां के आवेदन पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए मेदिनीनगर भेजा गया है।आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

error: Content is protected !!