मासूम अदिति की तलाश जारी..सीएम हेमंत सोरेन ने खुद संभाला मोर्चा, पुलिस को दिए सख्त निर्देश

 

राँची। राँची के सदर थाना क्षेत्र से लापता डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल सका है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राँची पुलिस को एक्स पर लिखा है- अदिति बिटिया की खोज से जुड़े अभियान में कार्रवाई करते हुए शीघ्र सूचित करें।बच्ची के गायब होने के बाद परिवार के लोग काफी परेशान हैं और उसकी तलाश में पूरे शहर में पोस्टर लेकर घूम रहे हैं। सोशल मीडिया पर अदिति को खोजने लिए अभियान तेज हो चुका है।

सीएम के निर्देश के बाद पुलिस ने भी सर्च अभियान तेज किया है।हालांकि सोमवार सुबह तक बच्ची के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई थी।

मिली जानकारी के अनुसार लापता बच्ची का नाम आदिति पांडेय है, जिसकी उम्र करीब एक वर्ष आठ माह बताई जा रही है। बच्ची शनिवार शाम से लापता है। परिजनों ने बताया कि काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।बच्ची के पिता का नाम मनीष कुमार पांडेय है। परिवार कोकर स्थित डान बॉस्को स्कूल गेट नंबर-2, खोरा टोली, बप्पी टेंट हाउस के पास रहता है।

बच्ची के अचानक गायब होने के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन लगातार आसपास के इलाकों में खोजबीन कर रहे हैं। कई जगहों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए, लेकिन बच्ची के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

रविवार को परिवार के सदस्य बच्ची का पोस्टर लेकर विभिन्न इलाकों में घूमते रहे और लोगों से मदद की अपील करते रहे। इधर, पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जिले के सभी थानों में बच्ची का पोस्टर भेज दिया है।

इधर,राँची पुलिस सूचना देने वाले को 50 हजार का इनाम देगी।सूचना देने वालों का नाम और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।राँची के एसएसपी राकेश रंजन ने आम लोगों से अपील की है कि बच्ची की खोज में मदद करें।

सदर थाना क्षेत्र के कोकर स्थित खोरहा टोली से लापता हुई 18 माह की अदिति पांडे की जानकारी देने वाले को राँची पुलिस की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को बच्ची के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।

संपर्क नंबर:
राँची एसएसपी – 9431706136
सिटी एसपी – 9431706137
सदर डीएसपी – 9431102090
सदर थाना प्रभारी – 9431706160

18 माह की मासूम बच्ची अदिति पांडे को सकुशल खोजने में पुलिस का सहयोग करें। आपकी एक सूचना बच्ची को उसके परिवार से मिला सकती है।

 

 

error: Content is protected !!