अचानक जर्जर दीवार गिरने से मकान मालिक के बेटे व मजदूर की दबकर दर्दनाक मौत..

 

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र के पहाड़गेरुआ गांव में शुक्रवार की दोपहर पुराने खपरैल मकान की जर्जर दीवार अचानक ढह गयी। जिसकी चपेट में आने से मकान मालिक के 25 वर्षीय पुत्र सतीश बैठा और एक मजदूर दुखी भूइयां की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रदीप बैठा अपने पुराने जर्जर मकान को जेसीबी मशीन से तुड़वाने की तैयारी कर रहे थे।घर के ऊपर से खपड़ा हटाने का काम पूरा हो चुका था।चिलचिलाती धूप से बचने के लिए मजदूर दुखी भूइयां और प्रदीप का बेटा सतीश बैठा दीवार की ओट (साये) में खड़े होकर पानी पी रहे थे।इसी बीच जर्जर दीवार भरभराकर उन पर गिर गयी।मलबे का वजन इतना अधिक था कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे दब गये।

हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर जुटे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी।घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी है।सतीश की मौत से प्रदीप बैठा के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है

सूचना मिलते ही विश्रामपुर थाना प्रभारी ऋषिकेश दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।इधर, घटना की सूचना पाकर उपप्रमुख सत्येंद्र नारायण सिंह, पूर्व मुखिया घूरा बैठा और वर्तमान मुखिया रोसिला देवी ने पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी।जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मृतकों के परिजनों के लिए उचित सरकारी मुआवजे की मांग की है।

error: Content is protected !!