बिहार एसटीएफ और साहिबगंज पुलिस की संयुक्त छापेमारी,अवैध हथियार मिनी फैक्ट्री का पर्दाफाश…
साहिबगंज।झारखण्ड के साहिबगंज जिले के रांगा थाना क्षेत्र अंतर्गत केंदुआ आमगाछी में पुलिस और बिहार एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मिनी हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। जहां से पुलिस ने एक दर्जन से अधिक अवैध आधे बने हथियार, लेथ मशीन और भारी सामान बरामद किया है।मिली जानकारी के अनुसार बिहार के पटना में अवैध हथियार के साथ एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।उसकी निशानदेही पर एसटीएफ की टीम गठित कर बिहार एसटीएफ ने साहिबगंज पुलिस के साथ रांगा थाना क्षेत्र के केंदुआ आमगाछी में छापेमारी की।बंद घर का ताला तोड़कर जब पुलिस अंदर दाखिल हुई तो वहां हथियार बनाने की मशीन और 1 दर्जन से अधिक आधे बने हुए हथियार मिले। पुलिस ने मौके से तीन लेथ मशीन और एक लोहा पिघलाने की मशीन भी जब्त की है।छापेमारी के दौरान घर में कोई मौजूद नहीं था, पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक उक्त स्थान पर लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं।बताया जा रहा है कि यह घर बिहार के वकील नामक व्यक्ति का है। मौके पर बरहरवा एसडीपीओ नितिन कुमार खंडेलवाल, बरहरवा इंस्पेक्टर संतोष कुमार राणा, रांगा थाना प्रभारी गौरव कुमार भगत, बरहरवा थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह सहित बिहार के कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों राज्यों में नेटवर्क खंगालना शुरू कर दिया है।

