अलवर:एक्सप्रेस-वे पर एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा;चलती कार में लगी भीषण आग,मध्यप्रदेश के एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत
डेस्क टीम/अलवर।राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा हुआ। मौजपुर के समीप चलती कार में अचानक आग लगने से तीन महिलाओं और एक बच्ची समेत कुल पांच लोग जिंदा जल गए। आग इतनी भीषण थी कि कार सवारों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। इस हृदयविदारक घटना में कार चालक गंभीर रूप से झुलस गया है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
लक्ष्मणगढ़ डीएसपी कैलाश जिंदल ने बताया कि हादसा दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे के पिलर नम्बर 115/300 पर हुआ। कार दिल्ली से राजस्थान के कोटा की ओर जा रही थी। रात के सन्नाटे में अचानक कार के इंजन से लपटें निकलने लगीं और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग का गोला बन गई। एक्सप्रेस-वे पर दौड़ती कार धूं-धूं कर जलने लगी, जिससे अंदर बैठे लोग फंस गए।
हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतकों में तीन महिलाएं, एक बच्ची और एक पुरुष शामिल हैं। कार चालक विनोद कुमार मेहर ने कार की खिड़की खोलकर कूदने की कोशिश की, जिससे उसकी जान तो बच गई लेकिन वह 80 प्रतिशत तक झुलस गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में कार में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए अलवर एसपी सुधीर चौधरी भी देर रात घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने जल चुकी कार का बारीकी से निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने शवों के अवशेषों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है। घायल चालक विनोद मेहर को पहले पिनान के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलवर के सामान्य अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल पुलिस मृतकों की पुख्ता पहचान और परिजनों से संपर्क साधने में जुटी है।

