लातेहार:डायन बिसाही के शक में व्यक्ति की हत्या,पुलिस ने कुछ ही घंटों में किया खुलासा,दो सगे भाई गिरफ्तार
लातेहार। झारखण्ड के लातेहार जिले के गारु थाना क्षेत्र के लाई गांव में डायन बिसाही के शक में एक बुजुर्ग की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है।मृतक की पहचान तेतरा उरांव (62) के रूप में हुई है घटना 20 अप्रैल की रात की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैला दी है।
घटना की सूचना 21 अप्रैल को पुलिस को मिली, जिसके बाद गारु थाना में कांड संख्या 07/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103 (1)/3 (5) में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत जांच शुरू की और कुछ ही घंटों के भीतर इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया। त्वरित कार्रवाई के चलते पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने नामजद आरोपी संतोष उरांव (34) और प्रेम उरांव (45) को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।गारु थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि आरोपियों ने विस्तार से हत्या की पूरी साजिश का खुलासा किया है।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें शक था कि तेतरा उरांव डायन बिसाही करता था, जिसके कारण उनके परिवार के दो सदस्यों की मौत हुई थी। इसके अलावा मृतक के साथ उनका जमीन को लेकर भी पुराना विवाद चल रहा था। इन दोनों कारणों से वे लंबे समय से तेतरा उरांव को मारने की योजना बना रहे थे।पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल की रात दोनों भाइयों ने पहले तेतरा उरांव को शराब पिलाई।जब वह पूरी तरह नशे में हो गया, तब उन्होंने पहले से बनाई योजना के तहत नाइलॉन की रस्सी से उसका गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को घसीटकर सड़क किनारे फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त नाइलॉन की रस्सी बरामद कर ली है। इसके अलावा एक आरोपी संतोष उरांव का चप्पल भी घटनास्थल के पास मिला है, जो इस केस में अहम सबूत साबित हुआ।इन सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मजबूत मामला तैयार किया है।इस पूरे ऑपरेशन में गारु थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में राजीव रंजन, राजकुमार पांडेय, सअनि लल्लू राम और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

