Ranchi:रिम्स के क़ैदी वार्ड से इलाज के दौरान चकमा देकर भागा कैदी, सुरक्षा में तैनात पूर्व सैनिकों के उड़े होश…

 

राँची।झारखण्ड के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स (रिम्स) के ट्रामा सेंटर से रविवार की रात एक कैदी जेल सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। कैदी के भागने की खबर से जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना के समय कैदी की निगरानी के लिए तीन पूर्व सैनिक कक्षापाल तैनात थे, जिन्हें चकमा देकर वह रफूचक्कर हो गया। इंचार्ज शिव नारायण राम ने इस संबंध में बरियातू थाना में लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में था भर्ती

जानकारी के अनुसार, बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार में बंद कैदी मो. सदीक (22 वर्ष) को विशेष जांच और इलाज के लिए 18 अप्रैल को रिम्स के ट्रामा सेंटर इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। आरोपी नामकुम थाना क्षेत्र के मौलाना आजाद कॉलोनी (गली नंबर-03) का रहने वाला है। जेल अधीक्षक के आदेश पर उसे कड़ी सुरक्षा के बीच अस्पताल लाया गया था।

कैसे दी सुरक्षा को मात

कैदी की सुरक्षा में  पूर्व सैनिक कक्षापाल इंचार्ज शिव नारायण राम के नेतृत्व में जगरनाथ उरांव और कृष्णा चंद सुण्डी तैनात थे। रविवार, 19 अप्रैल की रात करीब 09:15 बजे, जब अस्पताल में हलचल मची थी, मो. सदीक ने सुरक्षाकर्मियों की नजर बचाई और मौके से फरार हो गया। सुरक्षाकर्मियों ने अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।इधर मामला दर्ज होने के बाद बरियातू पुलिस भी फरार अपराधी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

error: Content is protected !!