हजारीबाग पुलिस ने उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के खिलाफ की बड़ी कार्रवाई…8 उग्रवादियों को दबोचा.. भारी मात्रा में हथियार और गोली बरामद..

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले के उरीमारी ओपी क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी से जुड़े आठ उग्रवादियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार उग्रवादियों के नाम सुनिल मुंडा, विरेन्द्र मुंडा, सुरेन्द्र मुंडा, लालमोहन मुंडा, अनिल मुंडा, रविन्द्र गंझू उर्फ रिंकु, सत्येन्द्र गंझू उर्फ सन्तु और संजय मुंडा बताये गये। इनमें से संजय मुंडा राँची जिले के मैक्लुस्कीगंज का रहने वाला है। बाकी सभी लातेहार के जिले के बालूमाथ के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 इंसास राइफल,1 देशी पिस्टल और अलग-अलग बोर की कुल 170 से अधिक गोलियां बरामद की हैं। साथ ही बोलेरो वाहन और 7 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, एसपी को सूचना मिली थी कि उरीमारी क्षेत्र के कोलियरी इलाके में कुछ उग्रवादी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। इसके बाद हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन के निर्देश पर विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने आसवा और गुडकुवा गांव के पास घेराबंदी शुरू की।

इसी दौरान उरेज की ओर से आ रही एक सफेद बोलेरो गाड़ी को रोकने का इशारा किया गया। लेकिन चालक गाड़ी घुमाकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो तेज रफ्तार में भाग रही बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुल और पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद गाड़ी में सवार लोग भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस टीम ने चारों ओर से घेरकर सभी को पकड़ लिया। जांच के दौरान दो लोगों के हाथ में इंसास राइफल देखी गई। इसके बाद सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के जोनल कमांडर भीखन गंझू और सब जोनल कमांडर दिनेश उर्फ रवि राम के संपर्क में थे। ये लोग अलग-अलग जिलों में संगठन को सक्रिय करने और लेवी वसूलने के लिए धमकी देने का काम कर रहे थे। हाल ही में पतरातु के सरैया में फायरिंग की घटना में भी इनकी संलिप्तता सामने आई है।इस बड़ी कारवाई में गिद्दी थानेदार राणा भानुप्रताप सिंह, उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव, लोहसिंहना थानेदार निशांत केरकेट्टा, पेलावल ओपी प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय और तकनीकि शाखा एवं नक्सल शाखा के पदाधिकारियों की भूमिका सराहनीय रही।

error: Content is protected !!