चतरा:ईंट भट्ठा मजदूर की संदिग्ध मौत, परिजनों का मालिक पर हत्या का आरोप,जांच में जुटी है पुलिस..

 

चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ईंट भट्ठे पर काम करने गए एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।घटना वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के कैरलीबार पंचायत की बताई जा रही है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय विनोद गंझू के रूप में हुई है, जो करमा पंचायत के मदनपुर गांव का निवासी था।

परिजनों के अनुसार विनोद गंझू गुरुवार को करैलीबार पंचायत के निमियाटांड़ स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम करने गया था।यह भट्ठा विनोद भारती और सोनू भारती नामक दो सगे भाइयों का बताया जा रहा है। मजदूरी के सिलसिले में वह वहीं रुक गया था और रात में घर नहीं लौटा।

बताया जा रहा है कि भट्ठा जलाने के बाद रात में मालिक की ओर से मजदूरों के लिए शराब और मुर्गा की पार्टी रखी गई थी। इस दौरान सभी मजदूरों ने खाना-पीना किया। इसी बीच विनोद गंझू भी वहीं मौजूद था, लेकिन रात के बाद वह अपने घर वापस नहीं लौटा।

शुक्रवार सुबह विनोद गंझू का शव एक गड्ढेनुमा स्थान से बरामद किया गया।शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मृतक की पत्नी और परिजनों ने भट्ठा मालिक पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।उनका कहना है कि यह सामान्य मौत नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। परिजन इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की अपील कर रहे हैं।घटना के बाद परिजन वशिष्ठ नगर थाना में आवेदन देने की तैयारी कर रहे हैं।पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

फिलहाल यह मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का है, लेकिन परिजनों के आरोपों ने इसे हत्या का रूप दे दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

error: Content is protected !!