शांति में बाधा डालने पर तत्काल कार्रवाई करें, रामनवमी,ईद और सरहुल पर CM हेमंत सोरेन के 4 सख्त निर्देश

राँची।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ईद,सरहुल और रामनवमी के मद्देनजर राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर गुरुवार को उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि राज्यभर के पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी शांति में बाधा डालने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई करें। सीएम मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी डीसी, एसएसपी-एसपी के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि त्योहारों पर अशांति, हिंसा और उप्रदव नहीं हों,इसलिए पुलिस-प्रशासन 24 घंटे अलर्ट मोड में रहे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पर्व-त्योहारों के संपन्न होने तक पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की तैनाती करें। सूचक को भी जोड़ें, ताकि संदिग्ध गतिविधि का तुरंत पता चल सके।सीएम ने सभी डीसी-एसपी से कहा कि चिन्हित संवेदनशील इलाकों तथा धार्मिक स्थलों के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था करें। किसी भी सूरत में ऐसी गतिविधि न हो, जिससे शांति भंग होने की आशंका बने। बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, डीजीपी तदाशा मिश्रा, एडीजी (ऑपरेशन) टी कंडास्वामी समेत अन्य मौजूद थे। आईजी (स्पेशल ब्रांच) प्रभात कुमार, आईजी (ऑपरेशन) माइकल राज और आईजी (प्रोविजन) मयूर पटेल मौजूद थे। उन्होंने जिलों को निर्देश दिया कि वे सभी समुदाय के लोगों का सहयोग जरूर लें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्व-त्योहारों की शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चों की भागीदारी भी होती है। ऐसे में उनकी सुविधा तथा सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था होनी चाहिए। अगर किसी वजह से कोई अप्रिय घटना हो जाए तो उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए सारी तैयारियां होनी चाहिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि जुलूस मार्ग में जगह-जगह सेफ जोन बनाकर रखें। यहां आपातकालीन स्थिति से निपटाने की भी पूरी व्यवस्था होनी चाहिए। ताकि, कोई घटना अथवा दुर्घटना होती है तो लोगों को ऐसे सेफ जोन में सुरक्षित लाया जा सके।

सीएम ने ये सख्त निर्देश भी दिए:

●शोभा यात्रा के दौरान जुलूस मार्ग में निर्बाध विद्युत आपूर्ति और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम की व्यवस्था हो।

●शोभा यात्रा में उत्तेजक-भड़काऊ गाने न बजे, यह हर हाल में सुनिश्चित करें। प्रशासन सभी पूजा समितियों और अखाड़ों से समन्वय बनाकर उन्हें प्री-रिकॉर्डेड गानों की पेनड्राइव उपलब्ध कराए।

●पूरी शोभायात्रा की वीडियोग्राफी होनी चाहिए। ड्रोन से एरियल सर्विलांस की भी व्यवस्था करें।

●शोभा यात्रा में शामिल झंडों की लंबाई पर हाईकोर्ट के आदेश का पालन सुनिश्चित करने की पहल हो।

सोशल मीडिया व अफवाहों पर कड़ी नजर रखें

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग पर्व-त्योहारों के मौकों पर अशांति और उपद्रव करने की जुगत में रहते हैं। ऐसे असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करें। इसके साथ ही सोशल मीडिया की भी लगातार निगरानी होनी चाहिए। अफवाह फैलाने वालों पर त्वरित एक्शन लें।

भीड़ वाले इलाके और जुलूस मार्ग की विशेष निगरानी हो

सीएम ने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान निकलने वाली शोभा यात्राओं के रूट व भीड़ वाले इलाकों की विशेष निगरानी की जाए। जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन कर सुरक्षा संबंधी तैयारियां पूरी कर लें। शोभायात्रा और जुलूस के दौरान की तमाम गतिविधियों का पूरा डॉक्यूमेंटेशन तैयार करें। इससे आगे आने वाले त्योहारों में सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित रणनीति तैयार करने में सहूलियत होगी।

error: Content is protected !!