रूस में पढ़ाई कर रही छात्रा से 1.31 लाख की साइबर ठगी, मुद्रा बदलने के नाम पर ठगों ने लगाया चूना
— क्यूआर कोड के जरिए वसूले पैसे, फर्जी एजेंट ने रसीद का झांसा देकर किया धोखा
राँची। विदेश में पढ़ाई कर रही एक छात्रा से मुद्रा विनिमय (करेंसी एक्सचेंज) के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने क्यूआर कोड के जरिए 1.31 लाख रुपए की ठगी कर ली। मामले में पीड़ित के भाई ने साइबर अपराध थाना,राँची में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता दीपक कुमार के अनुसार, उनकी बड़ी बहन आदिती कुमारी रूस में पढ़ाई कर रही हैं। उनका बैंक खाता तकनीकी कारणों से काम नहीं कर रहा था, जिसके कारण फीस भुगतान के लिए उन्होंने “अशरफ” नामक व्यक्ति से संपर्क किया। उक्त व्यक्ति ने खुद को मुद्रा विनिमय कराने वाला एजेंट बताते हुए वैध रसीद देने का भरोसा दिलाया। इसके बाद आरोपी ने दो क्यूआर/बारकोड भेजे, जिन पर अलग-अलग नाम प्रदर्शित हो रहे थे। 23 फरवरी को पहली बार मोनू कुमार झा नाम के क्यूआर कोड पर 13 हजार रुपए भेजे गए, जबकि दूसरे क्यूआर कोड, जिस पर धीरज महेंद यादव का नाम दिख रहा था, उस पर तीन किस्तों में 28 हजार, 40 हजार और 50 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए। इस प्रकार कुल 1,31,000 रुपए का भुगतान किया गया। पीड़िता द्वारा पूरी राशि भेजने के बाद जब सेवा या पैसे वापस मांगे गए तो आरोपी पहले बहाने बनाते रहे और बाद में साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित परिवार को साइबर ठगी का एहसास हुआ। मामले में पुलिस को आरोपियों के मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप संपर्क भी उपलब्ध कराए गए हैं। साइबर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

