दारोगा को चैलेंज करनेवाले दोनों अपराधी ढेर,एनकाउंटर में एक STF जवान शहीद

 

मोतिहारी।बिहार के मोतिहारी में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। सोमवार देर रात करीब 2:30 बजे चकिया थाना क्षेत्र के रामडीहा गांव में एसटीएफ और  के बीच जबरदस्त भिड़ंत हुई। ये मुठभेड़ उस समय शुरू हुई जब पुलिस ने नेपाल के नंबर से धमकी देने वाले बदमाशों को ट्रेस कर घेराबंदी की। अपराधियों की ओर से की गई अंधाधुंध फायरिंग में एसटीएफ के जवान श्रीराम यादव वीरगति को प्राप्त हुए। वहीं, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कुख्यात कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे मौके पर ही ढेर हो गए।

मोतिहारी में हुए मुठभेड़ से पहले अपराधी कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे ने चकिया थाने के अपर थानाध्यक्ष को फोन कर सीधे तौर पर धमकाया था। नेपाल के नंबर से कॉल कर बदमाशों ने कहा था, ‘शहर अब हमारी गुंडई देखेगा।’ पुलिस को चेतावनी दी थी कि अगली खबर 10-15 पुलिसकर्मियों की मौत की होगी। इसी कॉल को ट्रेस करते हुए एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की टीम ने रामडीहा में उनकी लोकेशन का पता लगाया।जैसे ही पुलिस और एसटीएफ की टीम ने अपराधियों को चारों तरफ से घेरा, बदमाशों ने सरेंडर करने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी। खुद को घिरता देख अपराधी ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने लगे। इसी दौरान एसटीएफ जवान श्रीराम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जवान की शहादत से पुलिस महकमे में शोक की लहर है।

अपराधियों ने सरेंडर नहीं किया तो पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे मारे गए। इन दोनों पर पहले से ही आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज थे। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर उनके कुछ साथी मौके से भागने में सफल रहे। मुठभेड़ वाली जगह से पुलिस को कई आपत्तिजनक सामान और हथियार बरामद होने की संभावना है।

मोतिहारी एनकाउंटर की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी और एसपी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है। पूरे चकिया क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन तलाशी अभियान चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा। पुलिस की ओर से पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। नेपाल से सटे होने की वजह से आए दिन अपराधी वारदात को अंजाम देकर नेपाल भाग जाते हैं

error: Content is protected !!