प्रेमी की शादी दूसरी जगह हुई तय, तो प्रेमिका पहुंची थाना,ग्रामीण और पुलिस की पहल पर प्रेमी-प्रेमिका की हुई शादी…
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले से प्रेम प्रसंग का एक दिलचस्प मामला सामने आया है।यहाँ प्रेमी की शादी दूसरी जगह तय होने की जानकारी मिलने पर प्रेमिका थाना पहुंच गई और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। कई घंटे तक चली बातचीत और समझौते के बाद युवक शादी के लिए तैयार हुआ। इसके बाद ग्रामीणों की पहल पर दोनों की रामगढ़ स्थित शिव मंदिर में शादी करा दी गई।यह मामला जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र का है।
शादी के बाद युवती अपने पति के साथ उसके घर चली गई। यह पूरा घटनाक्रम शुक्रवार सुबह से शुरू होकर रात करीब नौ बजे तक चलता रहा। शनिवार को रामगढ़ थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह ने मामले की पुष्टि की।
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ थाना क्षेत्र के बाघी गांव के धोबी टोला निवासी अमित सिंह और काचन गुरियाही टोला की अंजू कुमारी के बीच पिछले आठ वर्षों से प्रेम संबंध था। इसी बीच अमित की शादी दूसरी जगह तय कर दी गई।
इसकी जानकारी मिलने पर अंजू रामगढ़ थाना पहुंची और पुलिस से शिकायत कर न्याय की मांग की। इसके बाद पुलिस ने युवक और उसके परिजनों को थाने बुलाकर दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया। शुरू में युवक शादी के लिए तैयार नहीं था, लेकिन बाद में उसने सहमति दे दी। इसके बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों की पहल पर रात करीब आठ बजे रामगढ़ के शिव मंदिर में दोनों की शादी करा दी गई। बताया जाता है कि युवती खरवार जाति से है, जबकि युवक चेरो समुदाय से है। इसी कारण शादी को लेकर सहमति नहीं बन पा रही थी।
हालांकि युवती के अड़े रहने और ग्रामीणों के प्रयास से अंततः दोनों का विवाह संपन्न हो गया। शादी के दौरान युवक की माँ मौके से चली गई, जबकि युवती की माँ और भाई वहां मौजूद थे। इस अनोखी शादी की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।

