गुमला: 6 साल के मासूम की हत्या कर शव कुएं में फेंका,आरोपी गिरफ्तार

 

गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले में सदर थाना क्षेत्र के कसीरा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है। यहां छह वर्षीय मासूम अनमोल खड़िया की बेरहमी से हत्या कर उसका शव कुएं में फेंक दिया गया।घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गयी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार गांव के ही कुलभूषण महली पर इस जघन्य वारदात को अंजाम देने का आरोप लगा है।बताया जा रहा है कि आरोपी बच्चे के घर पहुंचा और उसे जूस पिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया। इस दौरान बच्चे की मां मंजनी खड़िया को शक हुआ, तो वह आरोपी के पीछे-पीछे गयीं। लेकिन रास्ते में आरोपी कहीं छिप गया थी, फिर मौका मिलते ही बच्चे को लेकर फरार हो गया।

इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पूरे गांव में बच्चे की खूब छानबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गयी।सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी महेंद्र करमाली पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और फिर से खोजबीन शुरू की तलाशी के दौरान गांव से कुछ ही दूरी पर स्थित एक खेत में स्थित कुएं से बच्चे का शव बरामद किया गया।

शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। पिता टिनटिया खड़िया ने गांव के ही कुलभूषण महली पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भे दिया गया है।

शनिवार को बच्चे की मां मंजनी खड़िया ने बताया कि आरोपी अपनी पत्नी को लेकर टिनटिया खड़िया पर शक करता था।इसी बात को लेकर उसने इस घटना को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।घटना के बाद से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

error: Content is protected !!