पूजा सामग्री की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख…

 

दुमका झारखण्ड की उप-राजधानी दुमका के भीड़भाड़ वाले टीन बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक पूजा सामग्री की दुकान में भीषण आग लग गई।आग लगने की घटना से पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सुबह के समय बाजार में मौजूद दुकानदार और स्थानीय लोग आग की लपटें देखकर घबरा गए और तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया गया। आग काफी तेजी से फैल रही थी, इसलिए दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। नगर थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी।

आग लगने की घटना की जानकारी मिलते ही नगर परिषद के अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया, वार्ड पार्षद कनहाई प्रसाद साह सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए।सभी ने मिलकर राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया। स्थानीय लोगों ने भी दमकल टीम की मदद की, ताकि आग को जल्द से जल्द काबू में किया जा सके और आसपास की दुकानों को नुकसान से बचाया जा सके।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस आगलगी की घटना में पूजा सामग्री की दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है।दुकान में हवन सामग्री, घी, तेल, लकड़ी और अन्य पूजन सामग्री रखी हुई थी, जो काफी ज्वलनशील होती हैं। इसी वजह से आग तेजी से फैल गई और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।

घटना के दौरान सबसे बड़ी चिंता यह थी कि आग आसपास की दुकानों तक न पहुंच जाए, क्योंकि टीन बाजार काफी घनी आबादी और भीड़भाड़ वाला इलाका है।हालांकि दमकल कर्मियों की तत्परता और स्थानीय लोगों की मदद से आसपास की दुकानों को सुरक्षित बचा लिया गया। इससे बड़ी क्षति होने से टल गई।

स्थानीय लोगों और प्रारंभिक जांच के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। हालांकि पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।आग लगने के बाद उठ रहे धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।फिलहाल दमकल विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटी हुई है।

error: Content is protected !!