नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

 

चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।घटना के बाद इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल बना हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को पीड़िता अपनी सहेली के घर मागे पर्व मनाने आई थी।इसी दौरान आरोपियों ने मौका देखकर नाबालिग का अपहरण कर लिया। उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को छोड़कर फरार हो गए।

पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और अपने माता-पिता को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने रविवार को मंझारी थाना में लिखित आवेदन देकर मामला दर्ज कराया।परिजनों के आवेदन पर मंझारी थाना में पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर तांतनगर थाना की पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया।

पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की।कार्रवाई के दौरान पहले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।उसकी निशानदेही पर दूसरे और तीसरे आरोपी को भी दबोच लिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। तांतनगर ओपी प्रभारी अरविंद कुशवाहा समेत पुलिस टीम की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

error: Content is protected !!