एसीबी ने 7 हजार रुपए घूस लेते अमीन को दबोचा..जमीन मापी के नाम पर रिश्वत ले रहे थे..
लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले के गारू प्रखंड सह अंचल कार्यालय में कार्यरत अमीन मुनिदेव सिंह को एसीबी ने सात हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार, अमीन मुनिदेव सिंह ने एक स्थानीय व्यक्ति से उसके जमीन से संबंधित सरकारी कार्य और मापी के निपटारे के बदले सात हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित व्यक्ति रिश्वत देने का इच्छुक नहीं था, जिसके बाद उसने पलामू स्थित ACB कार्यालय जाकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने मामले का सत्यापन किया।जांच में आरोप सही पाए जाने पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने अमीन को पकड़ने के लिए एक विशेष रणनीति तैयार की।
शुक्रवार को पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार, जैसे ही पीड़ित व्यक्ति ने गारू अंचल कार्यालय में अमीन मुनिदेव सिंह को रिश्वत की राशि के रूप में सात हजार रुपये दिए, वैसे ही सादे लिबास में तैनात एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ धर दबोचा. गिरफ्तारी के बाद आरोपी के हाथ धुलवाए गए, जिससे पानी का रंग गुलाबी हो गया, जो रिश्वत लेने का पुख्ता वैज्ञानिक प्रमाण है।गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी अमीन को अपने साथ मेदिनीनगर स्थित एसीबी मुख्यालय ले गई है। वहां आवश्यक कागजी कार्रवाई और पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

