Ranchi:केरल से आए एम्बुलेंस चालक के साथ हुई ठगी, SSP ने आधी रात को की मदद…देर रात सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने निकले थे एसएसपी…..
राँची।झारखण्ड की राजधानी राँची की सड़कों पर आधी रात को एक ऐसी घटना घटी, जिसने न केवल खाकी के प्रति विश्वास बढ़ाया, बल्कि मानवता को भी गौरवान्वित किया। केरल से हजारों किलोमीटर का सफर तय कर मरीज को राँची पहुंचाने वाले एक एम्बुलेंस चालक के साथ हुई धोखाधड़ी के बाद, खुद राँची के एसएसपी राकेश रंजन उसकी मदद के लिए आगे आए।
दरअसल,केरल के एक एम्बुलेंस चालक को एक मरीज को राँची पहुंचाने के लिए बुक किया गया था।चालक अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए मरीज को सही-सलामत राँची लेकर पहुंचा, लेकिन मंजिल पर पहुंचने के बाद मरीज के परिजनों ने मानवता को ताक पर रख दिया।चालक को पैसे देने के बजाय वे झांसा देकर मौके से फरार हो गए। अजनबी शहर और जेब खाली होने के कारण चालक पूरी तरह लाचार हो गया और मदद के लिए भटकने लगा।
इसी दौरान गुरुवार की देर रात SSP राकेश रंजन शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए गश्त पर थे।देर रात जब उनका काफिला अल्बर्ट एक्का चौक से गुजर रहा था, तो उनकी नजर एक परेशान और बदहवास व्यक्ति पर पड़ी। एसएसपी ने तुरंत गाड़ी रुकवाई और उस व्यक्ति के पास जाकर उसकी परेशानी पूछी।पीड़ित चालक ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि किस तरह केरल से आने के बाद उसके साथ ठगी हुई।चालक की व्यथा सुनकर एसएसपी ने तुरंत संवेदनशीलता दिखाई और उसे हर संभव मदद का आश्वासन दिया।मौके से ही बरियातू थाना को मामले में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। चालक की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए उसे पीसीआर वैन के जरिए सम्मानपूर्वक थाने पहुंचाया गया।एसएसपी के कड़े रुख के बाद बरियातू थाना पुलिस अब आरोपी और मरीज के परिजनों की पहचान करने में जुट गई है, जिन्होंने सेवा देने वाले चालक के साथ धोखाधड़ी की।राँची पुलिस का कहना है कि शहर में किसी भी बाहरी व्यक्ति के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बता दें वरीय पुलिस अधीक्षक,राकेश रंजन के साथ- साथ पुलिस अधीक्षक नगर,पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं पुलिस अधीक्षक यातायात द्वारा देर रात्रि में राँची नगर क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर चल रहे विशेष एंटी क्राइम चेकिंग अभियान का औचक निरीक्षण किया गया।इसमें विशेषकर तेजी एवं लापरवाही से और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष कार्रवाई की गई।

