चाईबासा:सारंडा जंगल में आईईडी ब्लास्ट, दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल..

 

चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के अति संवेदनशील नक्सल प्रभावित क्षेत्र सारंडा के तिरीलपोशी जंगल में आईईडी विस्फोट में दो ग्रामीण बुरी तरह घायल हो गए हैं।पुलिस के अनुसार नक्सलियों के द्वारा आईईडी प्लांट किया गया था।घटना की पुष्टि पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने की है।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तिरीलपोशी गांव के कुछ ग्रामीण रोजमर्रा की जरूरतों के लिए जंगल में लकड़ी और पत्ते इकट्ठा करने गए थे।इसी दौरान जमीन के भीतर छिपाकर लगाए गए प्रेशर आईईडी पर एक ग्रामीण का पैर पड़ गया। जिससे जोरदार धमाका हुआ और विस्फोट में दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल सक्रिय हो गए।एसपी अमित रेणु ने बताया कि हादसा अंधेरा होने के बाद हुआ, इसलिए मौके की स्थिति का पूरा आकलन अभी किया जा सका है। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्राथमिकता घायलों को सुरक्षित निकालकर बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है।इसके साथ ही इलाके में सर्च ऑपरेशन भी तेज कर दिया गया है।एसपी ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे नक्सलियों की हताशा और कायरता का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को निशाना बनाना यह दर्शाता है कि नक्सली अपनी मौजूदगी दिखाने के लिए निर्दोष लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं।

इस ब्लास्ट के बाद तिरीलपोशी और आसपास के गांव के ग्रामीणों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगलों में बिछाए गए ऐसे विस्फोटक आम ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं, जिससे उनका जंगल जाना भी जोखिम भरा हो गया है। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा बल इलाके में सतर्कता बढ़ाए हुए हैं और घायलों की स्थिति को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।

error: Content is protected !!