5 लाख रुपये घूस लेते रंगे हाथ धराए असिस्टेंट डायरेक्ट,आवास से मिले 15 लाख नगद….
पटना।बिहार की राजधानी पटना में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (Vigilance Bureau) ने एक बड़ा धमाका किया है।शुक्रवार को नियोजन भवन (युवा रोजगार एवं कौशल विभाग) में तैनात असिस्टेंट डायरेक्ट परमजय सिंह को 5 लाख रुपये की नगदी के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।यह कार्रवाई मुजफ्फरपुर के रहने वाले ओम प्रकाश की शिकायत पर हुई है। मामला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) के बजट से जुड़ा है।संस्थानों के वेतन, ऑफिस खर्च और मशीनों के लिए करीब 1.70 करोड़ रुपये का फंड जारी होना था। इस फंड को पास करने के बदले सहायक निदेशक ने 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि परमजय सिंह ने यह दावा किया था कि यह रिश्वत की रकम विभाग के निदेशक सुनील कुमार के लिए मांगी जा रही है। इसमें से कुछ हिस्सा उनका खुद का भी होगा।
निगरानी विभाग ने शिकायत मिलने पर जाल बिछाया। शुक्रवार को जैसे ही परमजय सिंह नियोजन भवन की पार्किंग में रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 5 लाख रुपये ले रहे थे, तभी निगरानी की स्पेशल टीम ने उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद जब निगरानी की टीम ने परमजय सिंह के कंकड़बाग स्थित घर पर छापा मारा, तो वहां से 15 लाख रुपये से ज्यादा कैश बरामद हुआ है। इसके अलावा भारी मात्रा में निवेश से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं।फिलहाल विभाग आगे की जांच कर रहा है कि इस भ्रष्टाचार के खेल में और कौन-कौन शामिल है।आज पूरी प्रक्रिया के बाद जेल भेज दिया जायेगा।

