सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए नक्सलियों ने लगा रखा था सिलेंडर बम, जवानों ने किया निष्क्रिय
लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिला के हेरहंज थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों तथा पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर नक्सलियों के एक बड़े षड्यंत्र को विफल कर दिया।नक्सलियों के द्वारा हेरहंज थाना क्षेत्र के सेरेनदाग जंगल में सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने को लेकर सिलेंडर बम लगा कर रखा गया था।लेकिन सुरक्षा वालों और पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए सिलेंडर बम को बरामद कर लिया और उसे निष्क्रिय कर दिया।
हेरहंज थाना क्षेत्र में तैनात सशस्त्र सीमा बल 35 वाहिनी एफ-समवाय के उप कमांडेंट नीरज कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि सेरेनदाग जंगल में नक्सलियों के द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने को लेकर बम लगाया गया है।सूचना के बाद सशस्त्र सीमा बल तथा जिला पुलिस की टीम संयुक्त रूप से जंगल में सर्च अभियान चलाया गया।जंगल में एक स्थान पर 5 किलो का सिलेंडर बम बरामद हुआ।बम को सुरक्षित बरामद कर बमनिरोधक दस्ते को बुलाया गया और सिलेंडर बम को निष्क्रिय किया गया।
बता दें कि लातेहार जिला में नक्सलियों के कमजोर होने के बाद नक्सली अपने अस्तित्व को बचाने के लिए भागते फिर रहे थे। इस कारण जंगल में सिलेंडर बम या कोई अन्य बम लगाए जाने की कोई घटना पिछले कई महीनों से सामने नहीं आई थी। लेकिन अचानक जंगल में सिलेंडर बम मिलने से पुलिस और सुरक्षा बल सतर्क हो गए हैं। संभावना जताई जा रही है कि नक्सलियों के द्वारा अपनी उपस्थिति को दर्ज करने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई की गई होगी।फिलहाल पुलिस और सुरक्षा बलों ने सिलेंडर बम को निष्क्रिय कर दिया है और पूरे मामले की छानबीन भी हो रही है।
इस संपूर्ण अभियान का नेतृत्व 35 बटालियन के उप कमांडेट नीरज कुमार सिंह ने किया। उनके साथ एफ-समवाय के प्रभारी विजय पाल व अन्य बलकर्मी तथा हेरहंज थाना प्रभारी कृष्णपाल सिंह पवैया भी मौजूद रहे।

