डीटीओ के घर से नगदी,जेवर समेत 5 करोड़ की संपत्ति की चोरी,भतीजी निकली मास्टरमाइंड, प्रेमी के लिए खरीदी 25 लाख की कार,राँची से प्रेमी के साथ गिरफ्तार..
राँची/जशपुर।छत्तीसगढ़ के जशपुर के परिवहन पदाधिकारी विजय निकुंज के सरकारी आवास और पैतृक मकान से नगदी, जेवर समेत 5 करोड़ की संपत्ति की चोरी का खुलासा हुआ है। जशपुर पुलिस ने मामले में डीटीओ की भतीजी को उसके प्रेमी अनिल प्रधान के साथ राँची में एक होटल से शनिवार को गिरफ्तार किया।
युवती जशपुर में एक कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। उसके पास से पुलिस ने एक एसयूवी, 86 हजार नगद, सोना के बिस्किट, जेवर व आइफोन समेत 51.82 लाख की संपत्ति बरामद की है। मुख्य आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस तीन अन्य आरोपी लंकेश्वर बड़ाइक, अलीशा भगत और अभिषेक इंद्रवार को भी गिरफ्तार कर चुकी है।
जशपुर एसपी ने शनिवार को जशपुर में बताया कि डीटीओ ने छह दिसंबर 2025 को केराडीह-रैनीडांड में 4 किलो सोना व करीब 20 लाख नकद समेत कुल पांच करोड़ की संपत्ति चोरी का केस जशपुर के नारायणपुर में दर्ज कराई। इसके बाद से ही पुलिस छानबीन में जुट गई थी। जानकारी के अनुसार, डीटीओ की भतीजी ने अपने प्रेमी के लिए 25 लाख की कार की खरीदारी की थी।
इसके अलावा रायपुर और भिलाई के होटलों में करीब पांच लाख रुपये पार्टी और मौज-मस्ती पर खर्च किए। इसके बाद वह प्रेमी के साथ राँची चली आई और यहां एक होटल में ठहरी हुई थी। इधर चोरी की घटना के बाद से फरार भतीजी पर पुलिस का शक और गहरा हो गया था। पुलिस ने आधुनिक तरीके से तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना पर राँची के एक होटल से उन्हें हिरासत में लिया था। इसके बाद उसे नारायणपुर थाना ले जाया गया। जहां सख्ती बरतने पर वह टूट गई और चोरी का भेद खुल गया। पुलिस के मुताबिक इससे पूर्व उसने सबसे पहले आईफोन की खरीदारी के लिए दो लाख रुपये की,चोरी डीटीओ चाचा के आवास से की थी। मामला पकड़ में नहीं आने के बाद उसने फिर से चोरी की योजना तैयार की।
जांच के दौरान पता चला कि कुछ दिन पहले ही DTO विजय कुमार की भतीजी मीनल निकुंज घर की साफ-सफाई के लिए वहां आई थी। मीनल निकुंज 2024 से जशपुर में रहकर कॉलेज की पढ़ाई कर रही थी। FIR की खबर लगते ही मीनल निकुंज अपने बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान के साथ फरार हो गई।DTO विजय कुमार की पत्नी की शिकायत के बाद पुलिस लगातार मीनल निकुंज को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही थी। इसी बीच पता चला कि मीनल निकुंज अपने बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान के साथ झारखण्ड के राँची में एक होटल में ठहरी हुई। सूचना पुख्ता होते ही पुलिस ने मीनल और अनिल होटल से गिरफ्तार किया।

