झारखण्ड में डीजीपी के नये नामों की चर्चा पर विराम,राज्य पुलिस की नियमित कमान तदाशा मिश्रा के जिम्मे…
राँची।झारखण्ड पुलिस की कमान पूरी तरह महिला आईपीएस तदाशा मिश्र के हाथों में आ गया है। राज्य सरकार ने मंगलवार की देर शाम इसकी अधिसूचना जारी कर दिया है। 1994 बैच की आईपीएस अधिकारी तदाशा मिश्र को महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक के पद पर नियमित रूप से नियुक्त कर दिया है। अब तक प्रभारी डीजीपी के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहीं तदाशा मिश्र को राज्यपाल के आदेश से यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नियुक्ति डीजीपी चयन एवं नियुक्तिनियमावली-2025 के तहत हुई। 29 दिसंबर 2025 को संशोधित प्रावधानों के आलोक में आदेश जारी किया। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने अधिसूचना जारी की है। सरकार के अवर सचिव अजीत कुमार सिंह द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि तदाशा मिश्र को पूर्णकालिक डीजीपी के रूप में पदस्थापित किया गया।
तदाशा मिश्र को एक अनुशासित,सख्त लेकिन संवेदनशील अधिकारी के रूप में जाना जाता है। प्रभारी डीजीपी रहते हुये उन्होंने कानून-व्यवस्था, नक्सल प्रभावित इलाकों में निगरानी एवं पुलिस प्रशासन में समन्वय को प्राथमिकता दी। साल के आखिरी दिन लिया गया यह निर्णय झारखण्ड पुलिस के लिये स्थिरता और निरंतरता का संकेत माना जा रहा है। अब उम्मीद है कि नये साल में पुलिसिंग को नई धार और प्रशासन को नई रफ्तार मिलेगी।

