हाइवा चालक ने खुद को पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग,मौके पर दर्दनाक मौ’त…

 

गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले के कामडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत इचा गुटू गांव में सोमवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के 40 वर्षीय व्यक्ति महादेव साहू ने पेट्रोल छिड़ककर आत्महत्या कर ली। घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई।परिजनों के अनुसार, महादेव साहू की मानसिक स्थिति लंबे समय से ठीक नहीं थी। बताया गया कि वह बाजार से करीब दो लीटर पेट्रोल लेकर घर लौटा था। इसके बाद उसने घर का दरवाजा अंदर से बंद किया और आंगन में पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। उस समय घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था।आग लगने के बाद उठे शोर और धुएं को देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण ग्रामीणों ने उसे तोड़कर घर में प्रवेश किया, लेकिन तब तक महादेव साहू की मौत हो चुकी थी।

इधर घटना की सूचना मिलते ही कामडरा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाने के एसआई संजय रजक ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने मंगलवार को शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, गुमला भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, महादेव साहू पेशे से हाईवे चालक था। करीब 20 दिन पहले ही अपने गांव इचा गुटू आया था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह पहले भी कई बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। उसने फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की थी।लेकिन हर बार किसी न किसी कारण से उसकी जान बच गई थी। गांव आने के बाद उसका व्यवहार और ज्यादा आक्रामक हो गया था। बताया गया कि उसने पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट भी की थी, जिसके बाद पत्नी और बच्चे घर छोड़कर चले गए थे।

महादेव साहू अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते उसका मानसिक इलाज कराया जाता, तो शायद यह घटना टल सकती थी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!