जामताड़ा:ज्वेलरी दुकान में हुए लूट और गोलीकांड का दिनभर विरोध प्रदर्शन हुआ,इधर अपराधियों ने फिर रात में दूसरी ज्वेलरी दुकान में लाखों की चोरी की घटना अंजाम दे दिया..,जांच में जुटी है पुलिस…

जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा शहर के कायस्थपाड़ा में ज्वेलरी दुकान में हुई लूट और गोलीकांड की घटना अभी सुलझी भी नहीं थी कि अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती दे दी है। मिहिजाम के सबसे व्यस्ततम माने जाने वाले स्टेशन रोड पर गुरुवार की रात ज्वेलरी दुकान में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देकर चोर फरार हो गए। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से आमजन और व्यवसायियों में भय का माहौल है, वहीं पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

गुरुवार देर रात जिले के मिहिजाम स्टेशन रोड स्थित सिरडी ज्वेलर्स में अज्ञात चोरों के गिरोह ने दीवार काटकर दुकान में प्रवेश किया।इसके बाद तिजोरी के ताले काटकर उसमें रखे सोने-चांदी के लाखों रुपये मूल्य के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। बताया जा रहा है कि उक्त ज्वेलरी दुकान शिव कुमार प्रसाद की है। सुबह दुकान खोलने पर चोरी की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

वहीं जामताड़ा से फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच कराई गई। चित्तरंजन आरपीएफ का डॉग स्क्वायड ‘फिगो’ भी अपराधियों के सुराग तलाशने में जुटा है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस गंभीरता से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही चोरी में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बता दें बुधवार की देर शाम बेख़ौफ़ अपराधियों ने शहर के सबसे व्यस्त इलाके में स्थित बालाजी ज्वेलरी दुकान में भीषण डकैती की वारदात को अंजाम दिया था।अपराधियों ने लाखों के ज्वेलरी लूट के बाद दुकानदार को गोली मार दी थी।कल यानी गुरुवार को घटना के विरोध में जामताड़ा बंद था।शहर के सभी दुकानें बंद थी।लेकिन अपराधियों ने रात में फिर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दे दिया।इस बार भी अपराधियों के निशाने पर ज्वेलरी दुकान रहा।

error: Content is protected !!