बंगाल से मजदूर लेने खूंटी पहुंचे ईंट भट्ठा संचालक सहित दो लोगों का अपहरण कर 10 लाख की फिरौती मांगी, पुलिस ने छह घंटे में कराया मुक्त, 6 अपराधी गिरफ्तार
खूँटी।मजदूरों की तलाश में बंगाल से झारखण्ड के खूंटी पहुंचे एक व्यापारी और उसके एक सहयोगी को अगवा कर 10 लाख की फिरौती मांगी गई। मामले की सूचना पर खूंटी पुलिस ने छह अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।इसके साथ ही अपहरणकर्ताओं के चंगुल से अपहृत व्यापारी को मुक्त कराया है।पुलिस के अनुसार बंगाल के हारू मुखर्जी और विजय उरांव के अपहरण और फिरौती की सूचना मिली थी।जिसके बाद एसपी ने तुरंत एएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा, इंस्पेक्टर अशोक सिंह और जरियागड़ थानेदार बीरेंद्र कुमार मामले की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।घटना को गंभीरता से देखते हुए पुलिस ने 6 घंटे के भीतर अपहृत लोगों को मुक्त कराया और अपहरण करने वाले छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छुड़ाए गए लोगों को सुरक्षित घर भेज दिया गया है।
एएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा बताया कि अपहरण कांड का खुलासा किया गया।उन्होंने बताया कि तिलमी से अपहृत वर्धमान पश्चिम बंगाल से आए थे। जिसे कुछ अपराधियों के द्वारा अपहरण कर लिया गया था।उन्हें तोरपा थाना क्षेत्र के रोड़ो जंगल में छिपा कर फिरौती की मांग की जा रही थी, जिसकी जानकारी एसपी मनीष टोप्पो को मिली।एसपी ने अपहरण मामले की जांच और सत्यापन के लिए एएसपी के नेतृत्व टीम का गठन किया।गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 घंटे के अंदर दोनों अपहर्ताओं को रोड़ो जंगल से बरामद कर लिया है।
मौके से पुलिस ने कांड में संलिप्त छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।जिसमें लिमडा बरकाटोली के 28 वर्षीय मकबूल मियां, गोरको के 39 वर्षीय राजेश्वर गोप उर्फ राजू उर्फ बहरा, सुवारा जलटंडा के 34 वर्षीय सुखु मुंडा, 24 वर्षीय श्याम सिंह, 24 वर्षीय शशि दास और 28 वर्षीय सुनिल मुंडा शामिल है।ये सभी खूंटी जिला के निवासी हैं।
एएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा ने बताया कि अपहृत वर्धमान पश्चिम बंगाल से आए थे। हारू मुखर्जी ईट भट्ठा में काम करवाने के लिए मजदूर लेने बरवादाग के विजय उरांव के घर आए थे।वहीं से दोनों का अपहरण कर लिया गया था।गिरफ्तार अभियुक्तों के पास अपहरण में प्रयुक्त एक बोलेरो, एक स्कूटी, तीन मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल समेत शिबू उर्फ शिवनाथ होरो का आधार कार्ड के साथ राष्ट्रीय लोक अदालत का नोटिस बरामद किया गया है।
छापेमारी टीम में एएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा, इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह, थाना प्रभारी बिरेंद्र कुमार, पुअनि जुगेश सिंह, पुअनि मनीष कुमार, कुलदीप रोशन बारी, तकनीकी शाखा पुलिस अधीक्षक कार्यालय खूंटी और कर्रा एवं जरियागढ़ थाना सशस्त्र बल शामिल थे।

