Ranchi:बिल्डर सह जमीन कारोबारी से मांगी एक करोड़ की रंगदारी,जांच में जुटी है पुलिस…
राँची।राजधानी राँची के जाने-माने बिल्डर और जमीन कारोबारी विजय जैन से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। इंटरनेट कॉल पर खुद को राहुल सिंह बताने वाले शख्स ने कई बार धमकी भरे कॉल किए। इस घटना से कारोबारी परिवार में डर का माहौल है। लगातार कॉल आने के बाद बिल्डर विजय जैन ने गोंदा थाना में शिकायत दर्ज कराई। साथ ही उन्होंने आला पुलिस अधिकारियों को भी पूरी जानकारी दी है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद तकनीकी जांच शुरू कर दी है और कॉल करने वाले की पहचान पता करने की कोशिश की जा रही है।कारोबारी ने पुलिस को बताया कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने शुरू में ही अपना नाम राहुल सिंह बताया और एक करोड़ रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। बताया गया कि धमकी भरे कॉल एक बार नहीं बल्कि कई बार आए।पुलिस टीम मोबाइल और इंटरनेट कॉल की तकनीकी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर ली जाएगी और मामले में कार्रवाई होगी।

