पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, दो बच्चों की माँ और प्रेमी को परिजनों ने पुलिस को सौंपा..
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के पांकी के आसेहार स्थित टिटही टोला में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी। महिला दो बच्चों की माँ है। परिजनों ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान 38 वर्षीय उदय यादव के रूप में हुई है। यह घटना रविवार रात को हुई, जिसके बाद सोमवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। मृतक के भाई संजय कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि उनके भाई उदय की हत्या भाभी रंजू देवी ने अपने प्रेमी चंदन पासवान के साथ मिलकर की है।चंदन लेस्लीगंज के चौरा का रहने वाला है।
संजय के अनुसार, चंदन और रंजू के बीच पिछले डेढ़ साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था और रंजू देवी अपने पति को जान से मारने की धमकी भी देती थी।संजय यादव ने आरोप लगाया कि रविवार रात रंजू देवी और उसके प्रेमी ने मिलकर उदय यादव की रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद रंजू कुछ देर तक नाटक करती रही, लेकिन बाद में स्थिति स्पष्ट हो गई। पुलिस को मौके से गला दबाने में इस्तेमाल की गई रस्सी भी मिली है। आरोपी पत्नी और प्रेमी को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। मृतक उदय यादव के दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र 11 और 8 साल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी प्रेमी चंदन पासवान पेशे से ड्राइवर है। वह अक्सर गांव के राजेश सिंह के पास आता-जाता था। इसी दौरान उसका उदय यादव की पत्नी रंजू देवी से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। गांव में भी उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं होती थीं।

