धनबाद पुलिस ने लाखों की अवैध लॉटरी के साथ 5 लोगों को किया गिरफ्तार
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद पुलिस को प्रतिबंधित लॉटरी कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है।अवैध लॉटरी की छपाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गोविंदपुर थाना क्षेत्र के जंगलपुर गांव में पुलिस ने अवैध लॉटरी छपाई स्थल पर छापेमारी की और लॉटरी की छपाई करते रंगे हाथ 5 आरोपियों को दबोच लिया है।गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहमद शाहिद, शाहरुख खान, अकबर अली, कैसर अंसारी और मोहमद जानू के रूप में हुई है।यह सभी देवघर जिले के निवासी हैं।
डीएसपी शंकर कामती ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गोविंदपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की।छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 60 लाख रुपये के लॉटरी टिकट, 11 हजार 650 पार्सल प्लास्टिक पैक टिकट, दो लैपटॉप, तीन प्रिंटर, कई मोबाइल फोन, दो स्टेपलर मशीन और एक मोटरसाइकिल जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, ये आरोपी बड़े स्तर पर अवैध लॉटरी टिकटों की छपाई, पैकिंग और सप्लाई का काम करते थे, जो विभिन्न जिलों में भेजे जाते थे। छापेमारी के दौरान पुलिस को कई दस्तावेज और डिजिटल सबूत भी मिले हैं, जिनसे इस अवैध कारोबार के नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।
धनबाद पुलिस ने पूरे मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है। मुख्य सरगना की पहचान हो गई है और उसकी भी गिरफ्तारी जल्द होगी।

