दुमका:संथाल परगना मोटर मजदूर यूनियन के अध्यक्ष पर जानलेवा हमला, गोली नहीं चलने से बची जान,मारपीट में हुए घायल,एक आरोपी गिरफ्तार…!

दुमका।झारखण्ड के दुमका में रविवार की सुबह दो लोगों ने संथालपरगना मोटर मजदूर यूनियन के अध्यक्ष अरुण सिंह को गोली मारकर हत्या करने की कोशिश की,लेकिन अरुण सिंह ने साहस दिखाते हुए अपने हाथ से उनकी पिस्तौल पकड़ ली, जिससे गोली नहीं चल सकी। हालांकि, दोनों हमलावरों ने उन्हें जमकर पीटा और सड़क पर घसीटा, जिससे वह घायल हो गए।

अरुण सिंह एक दैनिक अखाबर के एजेंसी के भी मालिक हैं। अरुण सिंह ने बताया कि वह सुबह-सुबह अखबार बांटने के लिए बस स्टॉप पर आ रहे थे। इसी क्रम में कचहरी चौक के पास एक ई-रिक्शा खड़ा था। अचानक दो लोग उससे उतरे और उनकी बाइक रोक ली।दोनों युवकों में से एक ने तुरंत पिस्तौल निकालकर उनकी कनपटी पर रख दी और गोली चलाने की कोशिश की तो उन्होंने पिस्तौल घुमा दी और उससे भिड़ गये। जिसके बाद दोनों ने लात-घूंसों से उनपर हमला कर दिया और पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।

घायल अरुण सिंह ने बताया कि बस स्टॉप पर कुछ कुली रहते हैं, जो बस से आने वाले सामान का मनमाना किराया वसूलते हैं। उनकी प्रतिदिन की आय हजारों में है। व्यवसायियों की शिकायत पर उन्होंने कुलियों को बस स्टॉप से बाहर निकलवा दिया।इसे लेकर कुलियों में काफी आक्रोश था आज उनमें से एक कुली अपने साथी के साथ उन्हें मारने आया था लेकिन ईश्वर की कृपा से उनकी जान बच गयी।

उन्होंने कहा कि वे सभी हमलावरों को पहचानते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जब हमने मौके से ही जिले के एसपी को फोन किया तो वह तुरंत मेरी मदद के लिए पहुंच गये।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी पीतांबर सिंह खेरवार मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत हमले में शामिल एक कुली को गिरफ्तार कर लिया। वहीं आगे की कार्रवाई के लिए उन्होंने कंट्रोल रूम के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की।एसपी ने कहा कि इस घटना में जो भी अन्य लोग शामिल होंगे, उन्हें भी जल्द ही पकड़ लिया जायेगा