रेस्क्यू के दौरान कोबरा ने वनकर्मी को काटा,अस्पताल में चल रहा इलाज
पाकुड़।झारखण्ड के पाकुड़ जिले में कोबरा का रेस्क्यू करने पहुंचे वनकर्मी के हाथ में ही सांप ने काट लिया।वहां मौजूद अन्य कर्मी एवं स्थानीय लोगों ने वनकर्मी साहेब मरांडी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।हालांकि वनकर्मी के शरीर में जहर नहीं फैल सका और वे खतरे से बाहर है।घटना शहरी क्षेत्र के कालीभसान मोहल्ले की है।वनकर्मी मोहम्मद असराफुल शेख ने बताया कि कालीभसान मोहल्ले में एक शख्स के घर के पास कोबरा देखे जाने की सूचना मिली थी। जानकारी मिलने के बाद कोबरा का रेस्क्यू करने के लिए साहेब मरांडी पहुंचे।जब वह कोबरा को पकड़ रहे थे, तभी सांप ने उन्हें हाथ में काट लिया। उन्होंने बताया कि साहेब मरांडी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वे खतरे से बाहर हैं।वनकर्मी ने आगे बताया कि कोबरा को दोबारा पकड़ा गया है और उसे सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ दिया गया है।
वनकर्मी अशराफुल ने बताया कि रेस्क्यू किया गया कोबरा 5 फिट लंबा है और उसकी उम्र लगभग 12 साल है।उन्होंने बताया कि कोबरा ने एक कूप के पास अपना आशियाना बना रखा था। आहार लेने के बाद वह अपने स्थान में था, रेस्क्यू करने के दौरान उसने साहेब मरांडी के हाथ में काट लिया। उन्होंने बताया कि कोबरा काफी जहरीला होता है और इसके काटने पर इलाज समय पर नहीं कराया गया तो शख्स की मौत भी हो सकती है।
उन्होंने आसपास के लोगों से सांप या दूसरे वन्यप्राणी दिखाई देने पर इसकी सूचना वन विभाग को देने और सांप के काटने पर झाड़ फूंक के चक्कर में नहीं पड़ने की सलाह दी है।साथ ही ऐसा होने पर निकटवर्ती अस्पताल में इलाज कराने की अपील लोगों से की है।

