पत्नी के इलाज के लिए छुट्टी लेकर घर आ रहे थे…ग्रेटर नोएडा में हुए सड़क हादसे में सीआरपीएफ जवान वीरेंद्र कुमार शुक्ला की मौत…
पलामू।नोएडा में हुए एक सड़क हादसे में पलामू के एक सीआरपीएफ जवान की मौत हो गई।सीआरपीएफ जवान वीरेंद्र कुमार शुक्ला जम्मू-कश्मीर में तैनात थे। वह अपनी पत्नी के इलाज के लिए छुट्टी लेकर जम्मू-कश्मीर से पलामू लौट रहे थे।वह दिल्ली से पलामू कार से जा रहे थे,तभी ग्रेटर नोएडा के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। शुक्ला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सीआरपीएफ के जवान और अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। सीआरपीएफ ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी। वीरेंद्र कुमार शुक्ला पलामू के मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के सिंगरा खुर्द के रहने वाले थे।वह 2003 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे। 43 वर्षीय वीरेंद्र कुमार शुक्ला के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं।
उनके पैतृक गांव सिंगरा खुर्द में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्य भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
सीआरपीएफ जवान का पार्थिव शरीर शुक्रवार को राँची पहुंचेगा और फिर पलामू स्थित उनके पैतृक गांव सिंगरा खुर्द लाया जाएगा।वहां अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही है।सिंगरा खुर्द के ओमप्रकाश शुक्ला उर्फ छट्ठू शुक्ला ने बताया कि सीआरपीएफ जवान वीरेंद्र शुक्ला की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
यह दुर्घटना गुरुवार सुबह लगभग 5:15 बजे जेवर टोल प्लाजा से करीब 5 किलोमीटर पहले हुई।

