झारखण्ड के कई हिस्सों में भारी बारिश, दुमका में उफनते नाले में बही महिला
राँची।झारखण्ड के कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। कुछ जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट मौसम केंद्र राँची ने जारी किया है। बुधवार की रात दुमका जिले में हुई बारिश में एक 50 साल की महिला उफनते नाले में बह गयी। उसकी पहचान सावित्री देवी के रूप में हुई है।झारखण्ड के कई हिस्सों में विजयदशमी के दिन गुरुवार 2 अक्टूबर 2025 को भारी बारिश हो रही है। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने 4 अक्टूबर तक गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ (तैयार रहें) और लातेहार, हजारीबाग, बोकारो, कोडरमा, गिरिडीह और धनबाद के लिए ‘येलो चेतावनी’ (सावधान रहें) जारी की है।कोडरमा, चतरा, हजारीबाग, दुमका और राँची जैसे कई जिलों में बुधवार और गुरुवार को भारी बारिश हुई।दशहरा उत्सव के दौरान बृहस्पतिवार को राज्य की राजधानी और कई अन्य इलाकों में बारिश जारी रही।
दुमका शहर के गिलानपाड़ा इलाके में एक महिला बुधवार रात नाले में बह गयी।उसकी पहचान सावित्री देवी के रूप में की गयी है।टाउन पुलिस थाना प्रभारी जगरनाथ धान ने बताया कि घुटनों तक भरे पानी में चलते समय महिला अपने घर से लगभग 50 मीटर दूर एक नाले में फिसल कर बह गयी। उन्होंने बताया कि महिला का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आईएमडी ने बताया कि राज्य में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है।
मौसम केंद्र राँची के प्रभारी अभिषेक आनंद ने कहा है कि 2 अक्टूबर को कई जगहों पर हल्के से मध्यम और कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है।झारखण्ड में कल ज्यादातर जगहों पर हल्के से मध्यम और कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।कुछ जगहों पर 4 अक्टूबर को भारी बारिश होने की संभावना है।इसके अलावा, 6 अक्टूबर तक राज्य भर में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।आईएमडी द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, 3 अक्टूबर तक लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, राँची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, रामगढ़ और धनबाद के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।आईएमडी ने कहा कि अगले तीन दिन में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।

