जमीन कारोबारी सह आरजेडी नेता की हत्या,अपराधियों ने होटल में घुसकर गोलियों से भूना…

 

पटना।बिहार की राजधानी पटना में फिर अपराधियों ने आरजेडी नेता और जमीन कारोबारी राजकुमार राय उर्फ आला राय की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना बुधवार की रात चित्रगुप्त नगर थाना इलाके की है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राजकुमार राय जैसे ही अपनी गाड़ी से घर के पास पहुंचे वैसे ही पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।गोली लगने के बाद राजकुमार राय जान बचाने के लिए पास के ही एक होटल में घुस गए,लेकिन बदमाशों ने उनको नहीं छोड़ा और उनका पीछा करते हुए अंदर तक पहुंचे और होटल में कई राउंड फायरिंग की।वारदात की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल राजकुमार राय को तत्काल पीएमसीएच ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने घटनास्थल से 6 खोखे बरामद किए हैं।पटना पूर्वी के एसपी परिचय कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की। प्राथमिक जांच के बाद उन्होंने बताया कि मृतक राजकुमार राय का राजनीतिक पार्टी के साथ कनेक्शन था और वह प्रॉपर्टी डीलिंग का भी काम करते थे।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि अपराधियों ने 8 से 10 गोलियां चलाईं।मृतक की बहन शिला देवी के अनुसार उनका भाई इस बार राघोपुर से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। बहन ने चेतावनी दी है कि अगर अपराधियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वो लोग शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर जब्त कर ली है।जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है।इस मामले में एसपी का कहना है कि हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश है या प्रॉपर्टी विवाद है,यह जांच के बाद ही साफ होगा।

error: Content is protected !!