Ranchi:बलमा की हत्या करने के लिए पांच लाख की सुपारी ली,लेकिन हत्या कर दी केरेडारी के रवि की,मुख्य साजिशकर्ता,शूटर सहित छह गिरफ्तार
राँची।जिले के रातु थाना क्षेत्र के झखराटांड़ में रविवार की देर शाम गोलीबारी की घटना हुई थी। इसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।इस घटना के बाद राँची एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में राँची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार व वाहन भी बरामद किए हैं। एसएसपी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पूछताछ के दौरान, पुलिस को पता चला कि इस अपराध के पीछे का मुख्य कारण आपसी रंजिश और बदले की भावना थी।बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी कुणाल कुमार उर्फ बसंत यादव का अपने पड़ोसी राजबल्लभ गोप उर्फ बलमा के साथ पुराना विवाद था। कुणाल ने पुलिस को बताया कि राजबल्लभ गोप के साथ उसका हमेशा तनाव बना रहता था।जब कुणाल ने जमीन का काम शुरू करना चाहा, तो राजबल्लभ ने उसे धमका कर काम बंद करवा दिया।लगभग एक साल पहले, राजबल्लभ ने कुणाल के पिता के साथ भी मारपीट की और उनके घर जाकर गाली-गलौज की थी।इसी अपमान का बदला लेने के लिए कुणाल ने इस अपराध की योजना बनाई थी।
पुलिस पूछताछ में मुख्य साजिशकर्ता कुणाल ने बताया कि अपने दोस्त लालमोहन प्रजापति और बबलू यादव की मदद से तीन शूटरों से संपर्क किया जो टीपीसी और विकेश तिवारी के नाम पर रंगदारी मांगते थे।राजबल्लभ गोप को मारने के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी तय की गई थी।सात सितम्बर को सभी आरोपी ठाकुरगांव में इकट्ठा हुए और योजना को अंतिम रूप दिया। उन्होंने राजबल्लभ के घर और उस जगह की रेकी की जहां वह अक्सर शराब पीने जाता था। रविवार शाम करीब 6:15 बजे शूटर श्रीचंद प्रजापति, इमरोज अंसारी व विजय प्रजापति ने चरकू के घर पर धावा बोल दिया। कुणाल के बताए हुलिए के आधार पर,उन्होंने गलती से रवि कुमार साहू को राजबल्लभ गोप समझकर उस पर गोलियां चला दी।जब राजबल्लभ ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उन्हें भी गोली मार दी गई। इस घटना में रवि कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

