राँची के तीन हथियार तस्कर खूँटी पुलिस के हत्थे चढ़ा,चार देशी पिस्टल, 44 गोलियां, 8 मैगजीन और नगद बरामद…
खूँटी।झारखण्ड के खूँटी जिले में व्यवसाय की आड़ में अवैध हथियार तस्करी मामले में खूँटी पुलिस ने राँची के तीन हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों में राँची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के अपर हटिया निवासी 55 वर्षीय युनूस खान, अरगोड़ा थाना क्षेत्र के हरमू आजाद हिंद नगर का 38 वर्षीय मो. शमीम और डोरंडा थाना क्षेत्र के बाजार मोहल्ला का 40 वर्षीय इबरार आलम शामिल है।गिरफ्तार तस्करों के पास से पुलिस ने चार अवैध देशी पिस्टल, 44 गोलियां, 8 मैगजीन, 2 मोबाइल और 66,860 रुपये नगद बरामद किया है।इसकी जानकारी एसपी मनीष टोप्पो ने प्रेसवार्ता में दी।
एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कर्रा थाना क्षेत्र के कुलहूटू जंगल के पास कुछ अपराधी अवैध हथियार तस्करी के लिए जमा हुए हैं।सूचना मिलने के बाद तोरपा एएसपी के नेतृत्व में कर्रा, लोधमा, रनिया और तोरपा अंचल की संयुक्त टीम बनाकर छापेमारी की गई।इस क्रम में कुलहूटू जंगल के पास सड़क किनारे से तीनों हथियार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। तस्करों की निशानदेही पर अवैध हथियार, गोली, मैगजीन, मोबाइल और नगद बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार तीनों अपराधी अलग-अलग व्यवसाय से जुड़े थे।जिसमें युनूस खान ऑटो चलाता है,मो शमीम प्लंबर का काम करता है और इबरार आलम जूता-चप्पल बेचने का काम करता है।एसपी ने बताया कि गिरफ्तार हथियार तस्कर वर्षों से अपराधियों को हथियार मुहैया करा रहे थे।
जानकारी के अनुसार गिरफ्तार तस्कर खूँटी और लापुंग इलाके के बड़े अपराधी गिरोह एवं जमीन और बालू कारोबारियों को हथियार सप्लाई करने पहुंचे थे। इसकी सूचना पर कर्रा थाने की निशा कुमारी और रनिया थाना प्रभारी विकास जायसवाल ने तस्करों की गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाई है।
एसपी ने बताया कि तस्करों का हथियार सप्लाई नेटवर्क समेत नक्सलियों से कनेक्शन खंगाला जा रहा है।प्रारंभिक जांच में नक्सलियों से कोई कनेक्शन सामने नहीं आया है।एसपी ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारी मिली है। जिसके आधार पर पुलिस आगे की जांच में जुट गई है।संभावना है कि जल्द ही अन्य हथियार तस्कर भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
छापेमारी टीम में एएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा, तोरपा इंस्पेक्टर अशोक कुमार, रनिया थाना प्रभारी विकास जायसवाल, कर्रा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक दीपककांत कुमार, लोधमा पिकेट की पुलिस अवर निरीक्षक निशा कुमारी, सहायक अवर निरीक्षक संदीप मुंडा और कर्रा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

