गढ़वा-डाल्टनगंज सड़क मार्ग पर दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में एक पुलिस कर्मी सहित 3 लोगों की मौत

गढ़वा।झारखण्ड के गढ़वा जिले में शनिवार को हुए दो सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गयी। मृतकों में एक पुलिस का जवान भी शामिल है। बताया जाता है कि पहली घटना में गढ़वा जिला के पुलिस लाइन में पदस्थापित जवान की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी है। यह घटना गढ़वा-मंझीआंव मुख्य मार्ग हुई है।बताया गया कि जवान अशोक राम छुट्टी में अपने घर जा रहे थे,उसी दौरान महराना बस की चपेट में आने से उनकी मौत हो गयी है। मिली जानकारी के मुताबिक 2 दिन पूर्व जवान श्री बंशीधर अनुमंडल न्यायालय में पदस्थापित था। जिसके बाद उसकी पदस्थापना पुलिस लाइन में हुई थी। पदस्थापना के बाद जवान छुट्टी लेकर अपने घर जा रहा था, उसी दौरान जवान बस की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मंझीआंव पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद ड्राइवर बस छोड़कर फरार हो गया।

इधर घटना के बाद पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है। जवान की मौत को लेकर पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा।

दूसरी घटना गढ़वा-शाहपुर सड़क पर घटी,जहां भिखही मोड़ के समीप बस और पीकअप वाहन के टक्कर में दो लोगो की मौत हो गयी है। घटना में पिकअप के चालक और सहयोगी की मौत हो गयी है। घटना भिखही मोड के समीप हुई है।बताया जाता है कि गढ़वा से रिलायंस बस राँची जा रही थी। वही पिकअप वाहन डाल्टनगंज से गढ़वा की ओर आ रही थी। इसी दौरान भिखही मोड़ के समीप दोनों वाहनों के बीच भीषण टक्कर हो गयी। घटना में गढ़वा थाना क्षेत्र के पिपरा गाँव निवासी जाफ़रान् खान का पुत्र साजिद खान और सुखबाणा गाँव के जाहिद अंसारी की मौत की सूचना है।

इधर घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने गढ़वा-शाहपुर रोड को जाम कर दिया है। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी है। आक्रोशित लोग मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। घटनास्थल पर सैकड़ो की संख्या में लोग मौजूद थे।