फर्जी पासपोर्ट के सहारे दुबई भागने की तैयारी में था प्रिंस खान का भाई बंटी, पुलिस ने कोलकाता में दबोचा
कोलकाता/धनबाद। धनबाद के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के विदेश में छिपे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। देश छोड़कर दुबई भागने की तैयारी कर रहे प्रिंस खान के भाई बंटी खान को धनबाद पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, बंटी कथित तौर पर जाली पासपोर्ट के जरिए देश से बाहर निकलकर अपने फरार भाई प्रिंस खान तक पहुंचने की फिराक में था।दरअसल, धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बंटी खान कोलकाता में छिपा हुआ है और विदेश भागने की तैयारी कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल विशेष टीम गठित की। टीम ने कोलकाता में ठिकाने की तलाश शुरू की और छापेमारी कर बंटी खान को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे धनबाद लेकर पहुंची है। फिलहाल उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी पासपोर्ट किसके जरिए तैयार कराया गया, विदेश भागने की पूरी योजना में कौन-कौन लोग शामिल थे और प्रिंस खान के साथ उसका संपर्क किस स्तर पर था।
चार साल जेल में रहने के बाद जनवरी में मिली थी जमानत
बंटी खान जनवरी 2026 में करीब चार साल जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर आया था। वह धनबाद के चर्चित नन्हें हत्याकांड समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामलों में आरोपी है। पुलिस के अनुसार, जेल में रहने के दौरान भी उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हुए थे। अलग-अलग मामलों में जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर आया था।इससे पहले मार्च 2022 में पुलिस ने बंटी खान को उसके दो साथियों के साथ उत्तर प्रदेश के एक रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया था। इसके बाद वह लंबे समय तक जेल में रहा। कुछ समय पहले उसे धनबाद जेल से मधुपुर जेल स्थानांतरित किया गया था।
नन्हें हत्याकांड के बाद चर्चा में आया था प्रिंस खान का नाम
24 नवंबर 2021 को धनबाद के नया बाजार निवासी महताब आलम उर्फ नन्हें की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड के बाद प्रिंस खान का नाम प्रमुखता से सामने आया और उसने कथित तौर पर हत्या की जिम्मेदारी भी ली थी। इसके बाद पुलिस ने प्रिंस खान और उसके आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी।
अब प्रिंस खान तक पहुंचने की उम्मीद
बंटी खान की गिरफ्तारी को पुलिस इसलिए भी अहम मान रही है क्योंकि वह कथित तौर पर देश छोड़ने की तैयारी में था। पूछताछ के दौरान पुलिस को उसके विदेश जाने की योजना और प्रिंस खान के संपर्कों से जुड़ी अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।पुलिस अब यह भी खंगाल रही है कि फर्जी पासपोर्ट तैयार कराने से लेकर कोलकाता पहुंचने और दुबई जाने की योजना तक उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े थे। जांच में सामने आने वाली जानकारी प्रिंस खान के नेटवर्क पर कार्रवाई में पुलिस के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

