युवक की गोली मारकर हत्या,सिर में पीछे से मारी गोली, गांव में दहशत का माहौल,जांच में जुटी है पुलिस…

 

खूँटी।झारखण्ड के खूँटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र के गुयु गांव में रविवार की देर शाम अज्ञात अपराधियों ने आदिवासी कांग्रेस के कर्रा प्रखंड महासचिव सुमित तिग्गा (25) की गोली मारकर हत्या कर दी।घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल व्याप्त है।बताया जाता है कि मृतक सुमित तिग्गा, तेम्बा तिग्गा के पुत्र थे।वे आदिवासी कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे और स्थानीय स्तर पर एक सामाजिक रूप से सक्रिय युवा नेता के रूप में पहचाने जाते थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम सुमित तिग्गा अपने घर पर थे। करीब साढ़े छह बजे उनके दो दोस्त उन्हें घर से बुलाकर गांव में ले गए। इसके बाद वे दोस्तों के साथ अलाव ताप रहे थे। इसी दौरान लगभग साढ़े सात बजे अज्ञात अपराधी ने पीछे से उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही सुमित गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए राँची के तुपुदाना स्थित देवनिका अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर कर्रा थाना और तुपुदाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु कर दी है। शव को आज पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रिम्स भेज दिया गया है।

ग्रामीणों के अनुसार उनकी हत्या से गांव में भारी आक्रोश और शोक का माहौल है। लोग इस जघन्य वारदात से सहमे हुए हैं।फिलहाल पुलिस घटना के कारणों और आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है। इस संबंध में तोरपा एसडीपीओ ने बताया कि घटना घटी है, जांच चल रही है।

इधर आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विलशन टोपनो ने घटना पर गहरा शोक प्रकट करते हुए प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर अपराधियों की गिरफ्तारी जल्द हो।

error: Content is protected !!