पत्नी का छोटे भाई के साथ था अवैध संबंध,बेटे,पत्नी और अन्य के साथ मिलकर कर दी भाई की हत्या,4 आरोपी गिरफ्तार
चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले में टंडवा थाना क्षेत्र के बरकुट्टे गांव में हुए नन्दकिशोर साव हत्याकांड का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक के ही परिवार के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी और चिलोही बरामद किया है।मामले की शुरुआत तब हुई जब मृतक की पत्नी रेखा देवी ने लिखित आवेदन देकर बताया कि उनके पति नन्दकिशोर साव की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया गया। इस आधार पर टंडवा थाना कांड संख्या 91/25 दिनांक 22 मई 2025 दर्ज किया गया था।
चतरा एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी टंडवा के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गहन छानबीन और जांच के बाद मृतक का भाई भरोसी साव (58), भाभी पुनम देवी (52), भतीजा अंकित कुमार साहु (28) और जयप्रकाश साहु (45) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने स्वीकार किया कि नन्दकिशोर साव का भरोसी साव की पत्नी के साथ अवैध संबंध था। इसी वजह से चारों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई और घटना को अंजाम दिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की हथौड़ी और चिलोही बरामद की गई है। गिरफ्तार चारों आरोपियों को 17 सितंबर 2025 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

