जन्मदिन के मौके पर दोस्तों के साथ देउड़ी मंदिर जा रहे दो युवकों की सड़क हादसे में मौत,एक घायल..
जमशेदपुर।एक ओर जहां अमन कुमार के घर पर उसके जन्मदिन के जश्न की तैयारियां चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर नियति ने कुछ और ही लिख रखा था। रविवार 29 मार्च को जमशेदपुर के बारीडीह निवासी दो युवकों की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई।यह हादसा चांडिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत जमशेदपुर-राँची नेशनल हाईवे पर हुआ।मृतक अमन कुमार (23) और विकास रजक (22) अपने दोस्त कप्तान शर्मा के साथ बाइक पर सवार होकर जन्मदिन मनाने के लिए तमाड़ स्थित प्रसिद्ध देउड़ी मंदिर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अमन और विकास एक ही बाइक पर सवार होकर मंदिर की ओर बढ़ रहे थे।इसी दौरान एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।बाइक कप्तान शर्मा चला रहा था, जिसे हल्की चोट आई है।घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में अमन कुमार एक ट्रांसपोर्ट व्यवसायी थे, जबकि विकास रजक बजाज फाइनेंस में कार्यरत थे।दोनों बारीडीह के ही रहने वाले थे और गहरे दोस्त थे।इस खबर के पहुंचते ही बारीडीह इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जो सुबह तक अपने लाडलों के जन्मदिन की खुशियां मनाने की योजना बना रहे थे।पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

