टाटा चिड़ियाघर में दिखा माँ का प्यार, तारा-सारा संग बाघिन को देख भावविभोर हुए कर्मी…
जमशेदपुर।झारखण्ड के जमशेदपुर में टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में बाघिन शावक तारा और सारा इन दिनों अपनी माँ के साथ मस्ती करती नजर आ रहीं हैं।इनका जन्म 27 नवंबर 2025 को हुआ था। ये दोनों शावक कभी अपनी माँ के पास सिमटकर दूध पीती हैं, तो कभी उसके कंधे पर चढ़कर शरारत करती हैं।उनकी ये हरकतें देखकर जू मैनेजमेंट और देखरेख करने वाले कर्मी भी भावविभोर हो रहे हैं।अभी दोनों शावकों को परीक्षण के तौर पर कुछ समय के लिए खुले बाड़े में छोड़ा जाता है, फिर सुरक्षा कारणों से मां के साथ वापस पिंजरे में रखा जाता है। मां हर पल उनकी देखभाल करती हैं। कभी उन्हें साथ लेकर घूमती है, तो कभी पास बैठाकर प्यार देती है।पूरे समय उन पर सीसीटीवी के माध्यम से नजर रखी जा रही है।
दोनों शावकों का जन्म चिड़ियाघर में रह रहे बाघ रुद्र और बाघिन मेघना से हुआ है। जन्म के बाद से ही पशु चिकित्सकों की निगरानी में उनका स्वास्थ्य परीक्षण लगातार किया जा रहा है। जू प्रबंधन के अनुसार, बहुत जल्द तारा और सारा को आम दर्शकों के दीदार के लिए रखा जाएगा।टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में फरवरी माह में हैदराबाद से लाए गए अफ्रीकी शेरों की एक जोड़ी मनोहर (नर) और श्रीदेवी (मादा) को भी आम लोगों के लिए रखा जाएगा।फिलहाल दोनों को 40 दिनों के क्वारंटीन में रखा गया है, जहां उनके स्वास्थ्य, आहार और नए वातावरण के अनुरूप ढलने की प्रक्रिया पर विशेषज्ञ चिकित्सक लगातार निगरानी रख रहे हैं। क्वारंटीन पीरियड के सफलतापूर्वक पूरे होने के बाद शेरों को उन्हें तय किए गए बाड़ों में रखा जाएगा। इसके बाद दर्शक इन शेरों का दीदार कर सकेंगे।

