राँची के नामकुम इलाके से दो अलग-अलग गुमशुदगी के मामलों ने बढ़ाई चिंता, पुलिस जांच में जुटी

राँची।नामकुम थाना क्षेत्र में गुमशुदगी के दो अलग-अलग मामलों ने परिजनों की चिंता बढ़ा दी है। एक ओर 15 वर्षीय छात्र पिछले 17 दिनों से लापता है, वहीं दूसरी ओर नामकुम के खरसीदाग ओपी क्षेत्र से सोशल मीडिया पर ब्लैकमेलिंग से परेशान 23 वर्षीय युवती घर छोड़कर चली गई है। दोनों मामलों में पुलिस तलाश में जुटी है।
स्कूल से निकला, घर नहीं पहुंचा आठवीं का छात्र:
बिशप वेस्टकोट स्कूल, नामकुम में आठवीं कक्षा का छात्र 15 वर्षीय रिषभ कुमार 22 जून से लापता है। उसकी मां मंता कुंवर राय ने पुलिस से बेटे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
परिजनों के अनुसार, रिषभ 22 जून को स्कूल बस से स्कूल गया था, लेकिन छुट्टी के बाद घर नहीं लौटा। स्कूल के सीसीटीवी फुटेज में वह बस में सवार होने के बजाय पैदल स्कूल परिसर से बाहर निकलता दिखाई दिया। जांच के दौरान सेना जांच गेट के पास जानकारी मिली कि उसने झाड़ियों में अपना स्कूल बैग फेंक दिया था और वहीं स्कूल ड्रेस बदल ली थी। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला है।बताया गया कि रिषभ घर से स्कूल फीस जमा करने के लिए 12 हजार रुपये लेकर निकला था। परिजनों ने यह भी बताया कि करीब चार महीने पहले भी वह बिना बताए वाराणसी चला गया था, जहां से 25 दिन बाद उसे वापस लाया गया था। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
इंस्टाग्राम पर दोस्ती, ब्लैकमेलिंग से परेशान युवती लापता:
नामकुम के खरसीदाग ओपी क्षेत्र में रहने वाली 23 वर्षीय युवती भी 6 जुलाई से लापता है। युवती के पिता ने पुलिस को आवेदन देकर उसकी सकुशल बरामदगी की मांग की है।जानकारी के अनुसार, युवती की इंस्टाग्राम पर एक युवक से दोस्ती हुई थी। आरोप है कि युवक युवती को आपत्तिजनक तस्वीरें भेजकर ब्लैकमेल कर रहा था और पैसों की मांग भी कर रहा था। इस मानसिक दबाव से परेशान होकर युवती बिना किसी को बताए घर से निकल गई।परिजनों के मुताबिक, युवती अपना आधार कार्ड साथ लेकर गई है, जबकि उसका मोबाइल फोन घर पर ही मिला है। पुलिस विभिन्न स्रोतों से उसकी तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।

