दो बाइक सवार अपराधियों ने युवक को मारी गोली, सीने के आरपार हुई गोली,स्थिति गंभीर.. जांच में जुटी पुलिस..

 

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब दो बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी। घटना सुबह करीब नौ बजे हैदरनगर हाई स्कूल के मैदान में हुई। अपराधियों ने नीरज चंद्रवंशी उर्फ मंटू (22 वर्ष) को निशाना बनाकर गोली चलाई।गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने बेहद नजदीक से फायरिंग की और गोली युवक के सीने के आर-पार हो गई। घटना के समय मैदान में कुछ लोग मौजूद थे। जिन्होंने गोली चलने की आवाज सुनकर मौके की ओर दौड़ लगाई।

वही,घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने घायल नीरज को हैदरनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे मेदिनीनगर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि नीरज का घर हाई स्कूल मैदान के ठीक सामने है।जहां वह अक्सर सुबह के समय टहलने या खेल देखने जाया करता था। घायल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया।

घटना की सूचना मिलते ही हैदरनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। फिलहाल अपराधियों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि दो बाइक सवार अपराधियों ने घटना को अंजाम देने के बाद दक्षिण दिशा की ओर भाग निकले।गोलीबारी की इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में तनाव का माहौल है। लोग भयभीत हैं।

error: Content is protected !!